पुलिस पर लगाया कार्रवाई नहीं करने का आरोप
निंबाहेड़ा। कृषि उपज मंडी में कासोद निवासी ओंकार लाल मीणा के साथ 16 मार्च को मंडी व्यापारियों ने मारपीट कर जातिगत अपमानित किया था उस मामले में कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज है लेकिन पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करने को लेकर अनुसूचितजाति जनजाति मोर्चा निंबाहेडा ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने की मांग की।
उपखंड अधिकारी को दिए गए ज्ञापन में बताया कि 16 मार्च को ऊंकार लाल मीणा के साथ कषि उपज मंडी निंबाहेड़ा में लगभग 10 व्यापारियों ने चोरी का झूठा आरोप लगाते हुए मारपीट कर जातिगत अपमानित किया गया। उसके साथ बहुत ही बुरी तरह मारपीट करने से उसको गंभीर चोटें आई इस मामले को लेकर ओंकार लाल ने प्रकरण दर्ज कराने हेतु कोतवाली थाना निंबाहेड़ा में 17 मार्च को प्रार्थना पत्र दिया लेकिन दिनांक 23 मार्च तक कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इस संबंध में 23 मार्च को संगठन के सदस्यों ने पुलिस उपाधीक्षक बद्रीलाल से मिलकर अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम की धारा 3 सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करवाई लेकिन आज दिनांक तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
मोर्चा के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने उक्त मुकदमे में तुरंत कारवाई कराने एवं आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करवा कर अनुसूचित जाति जनजाति के पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देने में मोर्चा के पदाधिकारी व सदस्य तथा कासोद ग्राम के प्रबुद्ध जन उपस्थित थे

