लोकसभा चुनाव पर कराया ध्यान आकर्षित
निंबाहेड़ा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार सांयकाल कृषि उपज मंडी में आयोजित किसान सम्मेलन में भाग लिया एवं किसानों को प्रधानमंत्री के भाषण शैली की तर्ज पर बार-बार मित्रों शब्दों का उच्चारण कर चुनावी सभा की तरह संबोधित किया।
मुख्यमंत्री अपने निर्धारित निर्धारित समय से लगभग 55 मिनट देरी से सभा स्थल पर पहुंचे एवं देरी से पहुंचने पर किसानों से क्षमा मांगते हुए अपना उद्बोधन दिया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि किसान भारत की आत्मा हैं और उनकी खुशहाली से ही विकसित भारत की संकल्पना साकार होगी। हमारी केन्द्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार किसानों की आय बढ़ाने के हर संभव प्रयास कर रही हैं। हमारी सरकार ने गेहूं की एमएसपी पर 125 रुपये का अतिरिक्त बोनस देते हुए 2400 रुपये प्रति क्विंटल करने और किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रूपये करने जैसे कृषक कल्याण के अहम निर्णय किए है।
इस दौरान उन्होंने सब हमें उपस्थित जनों का आने वाले लोकसभा चुनाव पर ध्यानाकर्षित कराते हुए चित्तौडगढ संसदीय क्षेत्र से भाजपा को भारी मतों से जीताने की अपील की।

शर्मा ने पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार द्वारा स्वीकृत निम्बाहेड़ा से मंगलवाड तक 40 किलोमीटर लम्बी 4 लेन सड़क निर्माण की फिर से घोषणा की साथ ही छोटी सादड़ी में अपर जिला न्यायालय खोलने,
चित्तौड़गढ़ क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट बनाने की घोषणा सहित अन्य विकास कार्यों की घोषणा करते हुए निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में हुए निर्माण कार्यों एवं होने वाले कार्यों का सभा स्थल पर ही वर्चुअल लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने अफीम पट्टो की संख्या को बढ़ाकर डेढ़ लाख करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 2014 और 2024 के भारत में हर क्षेत्र में फर्क साफ़ नजर आता है। समारोह को राजस्व मंत्री हेमंत मीणा और सांसद सीपी जोशी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री हेमंत मीना, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार, सांसद सी.पी जोशी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया एवं निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचन्द्र कृपलानी, कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, बेगूं विधायक डॉ. सुरेश धाकड़, जिला प्रमुख भुपेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।

* पूर्ववर्ती सरकार पर पानी को लेकर लगाया आरोप* —
शर्मा ने अपने लगभग 25 मिनट के भाषण में चार बार कांग्रेस का नाम लेते हुए अशोक गहलोत का नाम लिए बगैर पूर्ववर्ती राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने सिंचाई की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को वर्षों तक लटकाए रखा और किसानों को पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। हमने सरकार बनते ही एकीकृत ईआरसीपी और यमुना जल समझौते को क्रियान्वित करने का कार्य किया है।
सांसद ने दिया दो बार उद्बोधन सहकारिता मंत्री को नहीं मिला अवसर —
किसान सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने मुख्यमंत्री के मंच पर आने से पहले तथा उनके आने के बाद दो बार अपना उद्बोधन दिया वही मुख्यमंत्री के साथ आए सहकारिता मंत्री स्वतंत्र प्रभार गौतम दक को अपना उद्बोधन देने का अवसर नहीं मिला।
