स्नेह फाउंडेशन और डॉ. विकास जैफ फाउंडेशन की साझेदारी से समग्र स्वास्थ्य सेवा का सफल आयोजन
भानपुर कलां (बीएल कांकरेलिया)
जयसिंहपुरा खोर के ज्योतिबा फुले नगर स्थित डेली पब्लिक स्कूल में गुरुवार को एक दिवसीय निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर डॉ. विकास जैफ फाउंडेशन के तत्वावधान में स्नेह फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें 168 से अधिक मरीजों को नि:शुल्क दंत परामर्श, उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। जयपुर डेंटल कॉलेज की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने दांतों की सफाई (स्केलिंग), दांतों की भराई (फिलिंग) और दांत निकालना (एक्सट्रैक्शन) जैसी सेवाएं प्रदान कीं। साथ ही मौखिक स्वच्छता, संतुलित आहार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। शिविर का निरीक्षण डॉ. पिंकी जैफ ने किया। उन्होंने बताया कि इस शिविर में आए नागरिकों को केवल दंत उपचार ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मौखिक स्वास्थ्य की देखभाल की जानकारी भी दी गई। चिकित्सकीय टीम ने लोगों को नियमित रूप से दांतों की जांच, सफाई और सही ब्रशिंग तकनीक की महत्ता समझाई। इसके साथ ही फिजियोथेरेपी और आक्यूपेशनल थेरेपी जैसी सेवाएं भी प्रदान की गईं, जिससे यह शिविर केवल दंत चिकित्सा तक सीमित न रहकर एक समग्र स्वास्थ्य सेवा केंद्र बन गया। डॉ. विकास जैफ फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास जैफ ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना है। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि लोग बीमारी होने पर ही नहीं, बल्कि नियमित रूप से स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। यह शिविर समाज को यह संदेश देता है कि स्वास्थ्य सेवा केवल सुविधा नहीं, अधिकार है, और समाज स्वयं इसमें भागीदार बन सकता है।” स्नेह फाउंडेशन की अध्यक्ष स्नेहलता भारद्वाज ने शिविर में भाग लेने वाली जयपुर डेंटल कॉलेज की टीम का आभार जताया और कहा कि उनकी सेवा भावना और दक्षता के कारण शिविर सफल रहा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी फाउंडेशन इसी तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता रहेगा ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। स्कूल सचिव राजेश भारद्वाज ने कहा कि शिविर के दौरान मरीजों की संतुष्टि ही सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से समाजसेवा को निरंतर जारी रखा जाएगा। इस शिविर की सफलता में डॉ. मनोहर भट्ट, डॉ. योगेश यादव, डॉ. अनूप एन, डॉ. स्वस्ति ताम्बी, डॉ. शाम्भवी शर्मा, डॉ. अविनाश, कैप्टन वीएस राघव, महावीर मीना, बीएल कांकरेलिया, मुकेश यादव सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं और चिकित्सकों का विशेष योगदान रहा।
