अधिकारियों ने मौके पर पहुंच की समझाइस लगभग 5 घंटे बाद माने परिजन
भगवान लाल रेगर निंबाहेड़ा
निंबाहेड़ा। निकटवर्ती ग्राम पंचायत बरड़ा के गांव ढावलिया निवासी दिलखुश पुत्र राधेश्याम मीणा की खजूरी थाना क्षेत्र भोपाल (म.प्र.) में मृत्यु होने के मामले में मृतक के साथी ढावलिया निवासी ट्रक चालक रणजीत सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह पर हत्या का संदेह जताते हुए परिजनों ने सोमवार को सुबह रणजीत सिंह के घर के बाहर मृतक का शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एकत्रित हो गए।
मृतक का शव उसके परिजन 3 अगस्त को भोपाल चिकित्सालय मोर्चरी से पोस्टमार्टम करवा कर लाए थे।
प्रदर्शन की सूचना पर कोतवाली चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक विश्वजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी व पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और परिजनों को मृतक का दाह संस्कार करने के लिए समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन नहीं माने उन्होंने मृतक के साथी रणजीत सिंह को मौके पर बुलाने की मांग की परिजनों का कहना था कि मृतक रणजीत सिंह के साथ ही काम पर गया हुआ था इस दौरान अच्छी खासी नकदी भी साथ में ले गया था। रणजीत सिंह ने भोपाल में उसको अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन हमें सूचना नहीं दी और वहां से गायब हो गया उससे संपर्क भी नहीं हो पा रहा है युवक की मृत्यु के बाद हमें सूचना मिली इससे हमें आशंका है कि रणजीत सिंह ने उसके साथ अनहोनी कर दी।
बाद में उपखंड अधिकारी विकास पंचोली पुलिस, उप अधीक्षक बद्रीलाल राव, कोतवाली थाना प्रभारी रामसुमेर मीणा भी दल बल सहित मौके पर पहुंचे जिन्होंने काफी समझाइस की उनके द्वारा परिजनों की रिपोर्ट लेने के आश्वासन पर लगभग 2 बजे दाह संस्कार के लिए राजी हुए।
मामले में उपखंड अधिकारी ने बताया कि परिजनों को समझाया गया है घटना भोपाल की हे फिर भी परिवाद लेकर पुलिस आपस में बातचीत कर कार्रवाई कर लेगी ।
पुलिस उप अधीक्षक बद्रीलाल राव ने कहा कि मामले में समझाइस हो गई है परिजन यदि रिपोर्ट देंगे तो उसे आगे भेज दी जाएगी ।
इधर युवक की मृत्यु के मामले में खजूरी (म. प्र.) थाना प्रभारी नीरज वर्मा ने बताया कि युवक किसी टैंकर की छत पर कार्य कर रहा था तथा बरसात की वजह से गीला होने के कारण वह हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया इस कारण उसकी मृत्यु हुई।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार मृतक दिलखुश लगभग एक माह पहले रणजीत सिंह के साथ खलासी का काम करने गया था और उसी के साथ कार्य के दौरान भोपाल क्षेत्र में विद्युत लाइन की चपेट में आ गया।
समझाइस के बाद परिजनों ने मृतक का दाह संस्कार कर दिया और खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से फिलहाल कोई रिपोर्ट पुलिस को नहीं दी गई है।
शमशान भूमि के विवाद को लेकर गहराई आशंका —
ग्रामीणों के बताएं अनुसार उपरोक्त मामले में युवक की हत्या की आशंका इसलिए भी गहराई क्योंकि जिस जगह पर वर्षों से गांव वालों द्वारा दाह संस्कार किया जा रहा है उस चारागाह भूमि पर रणजीत सिंह के परिजनों द्वारा कुछ दिनों पूर्व तारबंदी कर दी गई थी जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया था इसको लेकर रंजिश के चलते बरड़ा के एक व्यक्ति के साथ गंभीर मारपीट भी हुई थी जिसमें आरोपी गिरफ्तार भी हुए हैं इसी कारण अंदेशा हो रहा है की कहीं रणजीत सिंह द्वारा युवक के साथ अनहोनी कर दी। हालांकि प्रदर्शन के दौरान शमशान भूमि का विवाद उपखंड अधिकारी के संज्ञान में लाया गया तो उन्होंने तुरंत तहसीलदार को निर्देश दिए उनके निर्देश पर तहसीलदार घनश्याम जरवार ने शमशान भूमि का निरीक्षण कर तारबंदी हटवा दी गई।
