– 3 नवंबर से 4 पाण में छोडा जायेगा 4400 एमसीएफटी पानी
मदन सुन्देशा जालोर
जालोर.
काफी संघर्ष के बाद अब जिले के आहोर क्षेत्र के किसानों को जवाई बांध का पानी नसीब होगा। जिसके अंतर्गत आहोर उपखंड क्षेत्र के 22 गांवों के किसानों के खेतों को आगामी 3 नवंबर से सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। इस बार लगातार दूसरे साल भी जवाई बांध से किसानों को सिंचाई के लिए पानी छोड़ने पर सहमति बन गई है। किसानों के सिंचाई के लिए 3 नवंबर को पानी छोड़ा जाएगा और 4 नवंबर से बाराबंदी शुरु होगी।
22 दिन की 4 पाण में मिलेगा 4400 एमसीएफटी पानी
बैठक में किसानों ने 4600 एमसीएफटी पानी सिंचाई के लिए देने की मांग रखी। इस पर संभागीय आयुक्त ने 4400 एमसीएफटी पानी देने की घोषणा की। घोषणा के बाद किसानों में खुशी छा गई। सिंचाई के लिए 22-22 दिन की 4 पाण प्रदान की जायेगी। जिसमें हर पाण में 1100 एमसीएफटी पानी छोडा जायेगा। वर्तमान में जवाई बांध में 60.50 फिट पानी की आवक हुई है। वहीं सिंचाई के लिए 24 वर्षों में 16 बार छोड़ा गया है। जिसमें वर्ष 2001, 2003, 2005, 2006, 2007, 2010, 2012, 2015, 2016, 2017, 2019, 2020, 2021, 2022 एवं 2023 के लिए पानी छोड़ा है। इसके बाद अब 2024 में भी सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जा रहा है। इस दौरान पाली संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह के साथ जवाई बांध प्रशासन व किसान संघर्ष समिति अध्यक्ष जयेंद्रसिंह गलथनी, पाली कलेक्टर लक्ष्मी नारायण मंत्री, जालोर कलेक्टर प्रदीप गवांडे, सिरोही कलेक्टर, आहोर विधायक छगनसिंह समेत किसान समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
