पाली । जोधपुर डिस्कॉम पाली वृत में आमजन के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों व आवासों पर भी स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। जिले में अब तक 350 सरकारी कार्यालयों व आवासों पर स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
अधीक्षण अभियंता जोधपुर डिस्कॉम, पाली अजय माथुर ने बताया कि केन्द्र सरकार के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के तहत पाली जिले में 4.5 लाख उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। प्रथम फेज में 2782 सरकारी कार्यालयों व आवासों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने का लक्ष्य दिया गया है। स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य हेतु जिले में विभिन्न क्षेत्रों में संबंधित कंपनी की ओर से अलग-अलग टीमें कार्य कर रही है। सरकारी कार्यालय, आवास, भवन व संस्थान पर स्मार्ट मीटर लगाने के लिए जिले भर में 20 टीमें काम कर रही है, अब तक 6700 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके है। शेष पर मीटर लगाने का कार्य प्रगति पर है।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर सभी सरकारी कार्यालयों/सरकारी आवासों पर प्राथमिकता पर लगाये जायेंगें। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मानवीय भूल से होने वाली गलत रीडिंग एवं बंद परिसर में लॉक से जारी होने वाले बिल से उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत। उपभोक्ता मोबाईल पर प्रति दिवस की विधुत उपभोग की जानकारी प्राप्त कर सकेगें। इससे वे अपने विधुत उपभोग पर भी नियंत्रण कर पायेगें।
उन्होने बताया की स्वयं के साथ ही डिस्कॉम के भी अधिकारियों-कर्मचारियों के आवास व कार्यालय में स्मार्ट मीटर लगाये गये है, आम जन के आक्रोश के कारण स्मार्ट मीटर को परखने हेतु पुराने मीटर के साथ ही स्मार्ट मीटर को सिरीज में लगाये गये, जिसमें स्मार्ट मीटर व पुराने लगे मीटर में विद्युत का उपभोग सही पाया गया।
