कांवड़ यात्रा और वृक्षारोपण के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का सन्देश
फुलेरा : कस्बे बिचून रोड़ स्थित तेजाजी चौक शिवालय परिसर में रविवार को जनकल्याण सेवा समिति फुलेरा एवं आमजन के सहयोग से विशाल शिव आराधना महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल सांभरलेक स्थित पवित्र तीर्थ स्थल देवयानी सरोवर से पवित्र कांवड़ जल लाकर की गई। जिसके पश्चात कांवड़ियों ने शिवलिंग पर रुद्राभिषेक कर समस्त जनमानस के कल्याण की कामना की। कांवड़ यात्रा में फुलेरा के विभिन्न क्षेत्रों से आये करीब 9 मन्दिरों के कांवड़िए शामिल हुए। जिन्होंने पूरे जोश और श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना की। वहीं पण्डित शिवनारायण शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रुद्राभिषेक करवाया। इसके उपरान्त वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश भी दिया गया, जिससे जनमानस में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़े। इसके बाद मन्दिर में महाआरती की गई। वहीं कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इससे पूर्व शनिवार को रुद्रमहायज्ञ का आयोजन भी किया गया था। जिसमें मुख्य यजमान के रूप में जयराज शेखावत एवं मीनू कंवर रहे। इस अवसर पर जनकल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष गिरधारी सिंह शेखावत ने कहा कि एक लौटा जल सभी समस्याओं का हल है। भोलेनाथ का स्मरण कर हम सुख, शांति और समृद्धि की कामना करें। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में दिलीप सुरोलिया, अवधेश टांक, यादराम जोशी, गजेन्द्र सिंह शेखावत, रतन राजोरा, सुरेश सांखला, राजेन्द्र वर्मा, मांगी लाल सैनी, मदन सिंह, मुकेश गेनोलिया, सूरज वर्मा, कृष्णकांत, अमर सिंह, राहुल वर्मा, सुमन शर्मा, पूनम कुमावत, जयराज सिंह शेखावत, कार्तिक कुमावत, कालू, बजरंग जोशी, पन्नालाल सहित अनेक सेवाभावी लोगों ने सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने कांवड़ यात्रा में भाग लिया।
