जयपुर। राजस्थान सरकार और आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा जयपुर द्वारा राजकीय महाविद्यालय जयपुर में स्थापित रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के तहत एक माह से छात्राओं हेतु संचालित आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के सम्मान समारोह का आयोजन पुलिस मुख्यालय जयपुर की निर्भया स्क्वायड टीम की प्रमुख मंजू एवं मनोहर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती और रानी लक्ष्मीबाई के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ रजनी मीणा ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण का मासिक प्रतिवेदन और भावी कार्ययोजना प्रस्तुत की। इस प्रशिक्षण में लगभग 270 छात्राओं ने अपना पंजीकरण कराया ।प्रशिक्षित छात्राओं ने अनआर्म्ड काम्बेट और विविध तकनीकों का साकार प्रदर्शन किया। विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अध्यक्ष डॉ दीपक शर्मा ने प्रशिक्षित छात्राओं को शुभकामनाएं प्रेषित की और आत्मविश्वास से राष्ट्र और समाज हित में कार्य करने के लिए कहा। प्राचार्य डॉ स्निग्धा शर्मा ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम को वर्तमान परिस्थितियों के अनुकूल मानते हुए राज्य सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया ।उन्होंने मानसिक और शारीरिक रूप से छात्राओं को मजबूत बनने और प्रत्येक प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना हिम्मत और आत्मविश्वास से करने के लिए कहा ।इन प्रशिक्षित छात्राओं हेतु आगामी दिवसों में विशेष प्रशिक्षण दिलाने की बात भी कही। छात्रा निशा कुमारी और अन्नपूर्णा ने अपने अनुभव साझा किया ।मंचसंचालन डॉ रजनी मीणा ने किया। डॉ ललिता शर्मा ने आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर समस्त संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे
