किंग सेना महिला प्रतिनिधिमंडल जिला कलक्टर से मिला
– रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड से रात 12 बजे तक सिटी बसें चलें
– युनिवर्सिटी स्पेशल बस चलाने की मांग
– महिलाओं के लिए पिंक एक्सप्रेस एसी बस की मांग
– लंबे ऑटो की किराया सूची प्रमुख चौराहों पर हो चस्पा
– शिकायत निवारण के लिए वाट्स-अप नंबर जारी हो
(घनेंद्र सिंह सरोहा)
उदयपुर। उदयपुर शहर की सिटी बसों में महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा, ऑटो किराया मीटर से लागू करने एवं युनिवर्सिटी स्पेशल बस चलाने की मांग को लेकर किंग सेना ने गुरुवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
संगठन की महिला नेत्री सपना देवडा ने बताया कि भारी भीड़ के कारण शहर की सिटी बसों में यात्रियों को खासतौर पर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कामकाज, पढ़ाई व अन्य घरेलु जरूरतों के लिए महिलाओं को अक्सर घर से बाहर जाना पड़ता है। बसों में भीड़ से निजात दिलाने के लिए निगम को सिटी बसों की संख्या 24 से दुगनी 48 करने के साथ ही इसमें महिलाओं एवं युवतियों के लिए तुरंत निशुल्क यात्रा व्यस्था शुरू करनी चाहिए।
सुशीला चौहान ने कहा कि रात नौ बजे के बाद राणा प्रताप नगर स्टेशन और सिटी स्टेशन पर सिटी बस के लिए कोई व्यस्था नहीं है। इससे आटो चालक मनमाना किराया वसूलते हैं। राणा-प्रताप स्टेशन से सेक्टर 5 आने तक के 200-200 रुपये वसूले जा रहे हैं। रात होने के कारण महिलाएं तो ऑटो रिक्शा में बैठने से और घबराती हैं। नगर निगम को तुरंत प्रभाव से राणा प्रताप नगर और सिटी स्टेशन एवं बस स्टेंड से रात 12 बजे तक शहर के विभिन्न स्थानों के लिए मिनी बस सेवा शुरू करनी चाहिए।
अधिवक्ता तरुण ने कहा कि छात्रों के लिए न्यूनतम दो युनिवर्सिटी स्पेशल बस सुबह 7 व 8 बजे शहर के विभिन्न स्थानों से शुरू हो प्रमुख मार्गों को कवर करते हुए सुबह 9 बजे सुखाड़िया विश्वविद्यालय गेट पर पहुंचें। साथ ही अपराह्न 3 व 4 बजे सुविवि गेट से शहर के प्रमुख मार्गों के लिए संचालित की जाएं।
सरिता स्वर्णकार ने कहा कि निगम को सिर्फ महिलाओं के लिए पिंक एक्सप्रेस एसी बस सेवा भी शुरू करनी चाहिए। गर्मियों में महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रानी भाटिया ने कहा की छोटे ऑटो रिक्शा चालकों के किराए नाम पर लूट से शहर की जनता बेहाल है। तीन सिटर ऑटो में मीटर से किराया की व्यस्था शुरू करनी चाहिए। साथ ही बड़े ऑटो की किराया सूची ऑटो के भीतर के अलावा शहर के सभी प्रमुख चौराहों और बस स्टेंड पर लोहे के स्टेंड पर अंकित होनी चाहिए।
सपना देवडा ने कहा कि शिकायत निवारण के लिए जिला परिवहन व पुलिस विभाग का वाट्स नंबर हर ऑटो के भीतर व प्रमुख चौराहों पर अंकित होना चाहिए ताकि यात्रियों खासतौर पर महिलाओं की शिकायतों को तुरंत निराकरण हो सके। एक महीने के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर किंग सेना ने धरना-प्रदर्शन व रास्ता रोकने की चेतावनी दी है।
सिटी बसों में महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा,ऑटो में मीटर से किराये को लेकर ज्ञापन
Leave a comment
