खुशबू राणा ने विद्यार्थियों को वितरित की पुस्तकें, राणा पूंजा भील के त्याग, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण को किया याद
जालोर (देवेन्द्र शर्मा)। शहर के मालनाथ की ढाणी में वीर शिरोमणि राणा पूंजा भील की जयंती के अवसर पर मालनाथ की ढाणी स्थित विद्यालय में पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता मनोहरलाल भील की पुत्री खुशबू राणा ने विद्यालय के विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कीं।
इस दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए नियमित अध्ययन करने, जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। पुस्तकें प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।
कार्यक्रम में वीर शिरोमणि राणा पूंजा भील के त्याग, साहस, वीरता और मातृभूमि के प्रति समर्पण को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राणा पूंजा भील का जीवन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।
खुशबू राणा ने कहा कि विद्यार्थियों के बीच पुस्तकें वितरित कर राणा पूंजा भील जयंती मनाना शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए समाज के बच्चों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के बेहतर अवसर मिल सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को राणा पूंजा भील जयंती की शुभकामनाएं दी गईं तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
