सुबह 7 से 10 बजे तक मिलेगी पढ़ने की सुविधा, राजस्थान के प्रमुख समाचार पत्रों, पत्रिकाओं और पुस्तकों का रहेगा संग्रह
जयपुर। वरिष्ठ नागरिकों में पढ़ने की रुचि को प्रोत्साहित करने, ज्ञानवर्धन करने तथा उन्हें सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से वरिष्ठ नागरिक परिषद, मालवीय नगर में आज वाचनालय का शुभारंभ किया गया। इस पहल के माध्यम से परिषद के सदस्यों को एक ऐसा सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा, जहां वे नियमित रूप से समाचार पत्र, पत्र-पत्रिकाएं और ज्ञानवर्धक पुस्तकें पढ़कर अपने समय का सदुपयोग कर सकेंगे।
मीडिया प्रमुख राकेश गुप्ताने बताया कि वाचनालय में राजस्थान के प्रतिष्ठित समाचार पत्रों के साथ विभिन्न विषयों से संबंधित पत्रिकाएं एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। परिषद के सदस्य यहां पहुंचकर देश-दुनिया, प्रदेश और शहर की ताजा गतिविधियों से रूबरू होने के साथ-साथ सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं समसामयिक विषयों की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
वाचनालय के संचालन का समय प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान वरिष्ठ नागरिक परिषद, मालवीय नगर के सदस्य वाचनालय में बैठकर अपनी रुचि के अनुसार अध्ययन कर सकेंगे।
बढ़ती उम्र में नियमित अध्ययन न केवल ज्ञान को समृद्ध करने का माध्यम है, बल्कि यह व्यक्ति को सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहने और नई जानकारियां प्राप्त करने का अवसर भी प्रदान करता है। ऐसे में परिषद की यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। वाचनालय में एक साथ बैठकर पढ़ने से सदस्यों को आपसी संवाद, विचारों के आदान-प्रदान और बौद्धिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा। इसका संचालन अध्यक्ष के. एल जैन, उपाध्यक्ष प्रेम सहगल, महासचिव आनंद मेहरवाल के निर्देशानुसार किया जा रहा है
वरिष्ठ नागरिक परिषद, मालवीय नगर की इस पहल से सदस्यों को अपने दैनिक जीवन में अध्ययन के लिए नियमित समय निकालने की प्रेरणा मिलेगी। वाचनालय के माध्यम से परिषद ने वरिष्ठजनों के लिए ज्ञान, जानकारी और सकारात्मक सहभागिता का एक नया अवसर उपलब्ध कराया है।

