कोटा। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन की ओर से 27 दिसंबर को इंदौर में अंतरराष्ट्रीय जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। ‘समाज की बेटी समाज में’ थीम पर होने वाले सम्मेलन में सभी दिगम्बर जैन उपजातियों के युवक-युवतियों के बायोडाटा आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित की गई है।
सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन कुन्हाड़ी स्थित ऋद्धि-सिद्धि नगर के श्री 1008 चंद्रप्रभु जिनालय में गणधर मुनि श्री 108 विवर्धन सागर महाराज संघ के सानिध्य में किया गया। मुनिश्री ने आयोजन को समाज की आवश्यकता बताते हुए आयोजकों को सफल आयोजन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में फेडरेशन के प्रयासों की सराहना की।
फेडरेशन अपने 33 वर्षों के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष पुनः सम्मेलन आयोजित कर रहा है। आयोजन का उद्देश्य जैन समाज के युवक-युवतियों को उपयुक्त जीवनसाथी के चयन के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रकाश बज, फेडरेशन के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष सुरेश चांडवाड़, राष्ट्रीय अतिरिक्त महासचिव जे.के. जैन एवं उमेश अजमेरा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश हरसौरा, रीजन अध्यक्ष अनिल ठौरा, मंत्री पीयूष जैन और कोषाध्यक्ष हेमंत पाटनी,मंदिर अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा व मंत्री पंकज खटोड़ सहित समाज के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
‘समाज की बेटी समाज में’ थीम पर होगा अंतरराष्ट्रीय जैन परिचय सम्मेलन
Leave a comment
