जैन समाज के हित में कानूनविदों का महा मंथन
कोटा। जैन समाज को कानूनी समस्याओं में प्रभावी सहयोग देने और जैन तीर्थों के संरक्षण से जुड़े मामलों में कानूनी लड़ाई को मजबूती देने के उद्देश्य से ‘जैन एडवोकेट्स कांफ्रेंस 2026’ का आयोजन 11 अक्टूबर को केशवरायपाटन में किया जाएगा। अधिवेशन का मुख्य थीम ‘भूमिका अधिवक्ता की, अपेक्षा समाज की’ रखा गया है।
यूनिवर्सल जैन लॉयर्स एसोसिएशन (भारत) राजस्थान चैप्टर के मुख्य को-ऑर्डिनेटर एडवोकेट सुरेन्द्र मोहन जैन, जयपुर ने बताया कि अधिवेशन रविवार को दोपहर 12:15 बजे से शाम 5 बजे तक श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र, केशवरायपाटन में होगा। सम्मेलन में जैन एडवोकेट्स एवं संगठनों की जैन समाज के प्रति भूमिका और सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
कॉन्फ्रेंस-को-ऑर्डिनेटर सुशील बिलाला ने बताया कि आयोजन परम पूज्य भारत गौरव, तीर्थ संवर्धिका, स्वस्तिधाम प्रणेत्री एवं परम विदुषी लेखिका गणिनी आर्यिका 105 श्री स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ के आशीर्वाद, प्रेरणा एवं सानिध्य में होगा। मंगल आशीर्वाद परम पूज्य षष्ठ पट्टाधीश, सराकोद्धारक आचार्य 108 श्री ज्ञानसागर जी महाराज का रहेगा।
कॉन्फ्रेंस सेक्रेटरी एडवोकेट अनिल काला ने बताया कि
पारिवारिक विवादों को मुकदमेबाजी तक पहुंचने से पहले आपसी संवाद एवं समझौते के माध्यम से सुलझाने के लिए काउंसलिंग कमेटी के गठन की पहल की जाएगी। यह कमेटी विवादित पक्षों की काउंसलिंग कर समस्याओं का आपसी समाधान निकालने का प्रयास करेगी, ताकि परिवारों को अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचाया जा सके।
कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता न्यायाधिपति नरेन्द्र कुमार जैन, पूर्व चेयरमैन, ऑल इंडिया माइनॉरिटी इंस्टीट्यूशन कमीशन, दिल्ली होंगे। मुख्य अतिथि न्यायाधिपति अभय कुमार गोहिल, पूर्व न्यायाधिपति, मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, चीफ पैट्रन, UJLA एवं चेयरमैन, AALFR होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुशील कुमार जैन, सीनियर एडवोकेट, सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, UJLA करेंगे।
उन्होंने बताया कि बुधवार को आर्यिका 105 श्री स्वस्तिभूषण माताजी के सानिध्य में कमेटी के सदस्यों द्वारा कांफ्रेंस के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस दौरान आयोजन की तैयारियों एवं कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
यूनिवर्सल जैन लॉयर्स एसोसिएशन (भारत) राजस्थान चैप्टर के उपाध्यक्ष एडवोकेट संजय पाटोदी ने बताया कि सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं UJLA के राष्ट्रीय महामंत्री अजयवीर सिंह जैन, वरिष्ठ अधिवक्ता सुधांशु कासलीवाल (जयपुर), वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार जैन (जयपुर), अधिवक्ता हेमंत सोगानी (जयपुर), अधिवक्ता जितेन्द्र मोहन जैन (जयपुर), अधिवक्ता जे.के. जैन एवं एस.के. जैन (कोटा, पूर्व डीजे), अधिवक्ता पारस कुमार जैन (टोंक, पूर्व डीजे) तथा अधिवक्ता एम.एल. पाटोदी (कोटा, पूर्व अध्यक्ष AIFTP) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कॉन्फ्रेंस-को-ऑर्डिनेटर एडवोकेट प्रशांत जैन, कोटा एवं एडवोकेट विश्वास जैन, केशवरायपाटन ने बताया कि अधिवेशन में प्रदेशभर से 150 से अधिक जैन अधिवक्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इनमें हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक के अधिवक्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधिवत उद्घाटन, आयोजन की भूमिका एवं रिपोर्ट, वक्ताओं के उद्बोधन, संवाद सत्र और परम पूज्य माताजी के मंगल आशीर्वचन होंगे। समाज में विशेष सेवाएं देने वाले अधिवक्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
कॉन्फ्रेंस के मीडिया प्रभारी यथार्थ पाटनी, कोटा ने बताया कि मुख्य को-ऑर्डिनेटर एडवोकेट सुरेन्द्र मोहन जैन एवं कॉन्फ्रेंस सेक्रेटरी एडवोकेट अनिल काला के निर्देशन में आयोजन की तैयारियां जारी हैं। अधिवेशन के प्रायोजक प्रबंध कार्यकारिणी श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र, केशवरायपाटन की ओर से किया जाएगा एवं कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
