रेपिडो चलाने के लिए चुराता था पुरानी मोटरसाइकिलें, सिंधी कैंप पुलिस ने चोरी की स्प्लेंडर बाइक की बरामद
जयपुर। जयपुर पश्चिम के सिंधी कैंप थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए बीकानेर निवासी 24 वर्षीय युवक नीरज पाईवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण आईपीएस ने बताया कि शहर में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता एवं सहायक पुलिस आयुक्त दरजाराम के सुपरविजन में थानाधिकारी वंदना नरूला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
मामले के अनुसार परिवादी भीम सिंह की मोटरसाइकिल 18 अक्टूबर 2026 को जोबनेर बाग, बनीपार्क स्थित घर के बाहर से चोरी हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में ब्राउन रंग की शर्ट पहने एक युवक बाइक चोरी करता दिखाई दिया। पुलिस ने हुलिए के आधार पर तलाश कर 1 नवंबर को आरोपी नीरज पाईवाल को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब एक साल पहले कंप्यूटर कोर्स करने जयपुर आया था। नौकरी नहीं मिलने पर उसने रेपिडो चलाना शुरू कर दिया। रेपिडो में चलाने के लिए वह शहर के अलग-अलग इलाकों से पुरानी मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करता था। आरोपी ने प्रताप नगर, मुरलीपुरा और झोटवाड़ा सहित अन्य क्षेत्रों से वाहन चोरी करना भी स्वीकार किया है। पेट्रोल खत्म होने पर वह चोरी के वाहनों को उसी दिन या अगले दिन आसपास के इलाके में लावारिस छोड़ देता था। आरोपी पुरानी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था, क्योंकि उनमें आसानी से दूसरी चाबी लगाकर स्टार्ट किया जा सकता था।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी वंदना नरूला, एएसआई रामनरेश सिंह, हेड कांस्टेबल शिव कुमार और कांस्टेबल भागीरथ की अहम भूमिका रही।
