बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाकर बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और समानता का दिया संदेश
जालोर (देवेन्द्र शर्मा)। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर 11 अक्टूबर को महिला अधिकारिता विभाग, जालोर की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। रामदेव कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-1 पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से ‘नारी चौपाल–सशक्त बालिका, सुरक्षित समाज’ सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई गई।
महिला अधिकारिता विभाग, जालोर के सहायक निदेशक लक्ष्मणसिंह राजपुरोहित के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का संचालन विभाग की पीएसएसके में कार्यरत विधि परामर्शदाता तनु राठौड़ ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को बेटियों को शिक्षित करने, उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने तथा समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर ‘एक पेड़ बेटी के नाम’ पहल के तहत पौधारोपण भी किया गया। इसके माध्यम से बेटियों के महत्व, उनके उज्ज्वल भविष्य तथा उनके प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने बेटियों को समाज की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए उनकी शिक्षा, सुरक्षा, समानता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रेखा मीणा, आंगनवाड़ी सहायिका, वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर किरण एवं प्रवीणा सहित अन्य महिलाएं और बालिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने बेटियों को आगे बढ़ाने, उन्हें समान अधिकार दिलाने तथा लिंग भेदभाव को समाप्त करने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
