जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने दिन के समय फ्लैट से दो एप्पल आईपैड चोरी करने की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी राईद अली (35) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया आईपैड और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण आईपीएस ने बताया कि 17 नवंबर को एक फ्लैट से दो एप्पल आईपैड चोरी हो गए थे। इस संबंध में परिवादी की रिपोर्ट पर झोटवाड़ा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी दिन के समय घरों के खुले दरवाजे देखकर अंदर प्रवेश करता और मोबाइल, आईपैड सहित अन्य सामान चोरी कर ले जाता था। चोरी का सामान सस्ते दामों में बेचकर ऐशो-आराम की जिंदगी जीता था। पुलिस आरोपी के साथी की तलाश कर रही है तथा अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
विशेष भूमिका: इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल बलराम और हेड कांस्टेबल मालीराम की विशेष भूमिका रही।
