200 से अधिक पानी के मीटर चोरी करना कबूला, चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार
जयपुर। बजाज नगर थाना पुलिस ने पानी के मीटर चोरी करने वाली गैंग का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 7 पानी के मीटर और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटर जब्त किया है। पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर शहर के विभिन्न इलाकों से 200 से अधिक पानी के मीटर चोरी करना कबूल किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा (IPS) ने बताया कि पानी के मीटर चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन (RPS) के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर शिवदयाल (RPS) के सुपरविजन में बजाज नगर थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार 17 नवंबर 2026 को मानसिंहपुरा क्षेत्र के राकेश, महेश और टीकमचंद ने पानी के मीटर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लगातार तलाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी टोली बनाकर दिन और रात में कॉलोनियों में घूमकर घरों की रेकी करते थे। मौका देखकर घरों के बाहर लगे पानी के मीटर चोरी कर लेते और उन्हें कबाड़ी को बेच देते थे। आरोपी चोरी से मिले रुपयों को अपने शौक-मौज पर खर्च करते थे।
आरोपियों ने ज्योतिनगर, महेशनगर, प्रतापनगर, रामनगरिया, शिप्रापथ, मानसरोवर, मालवीय नगर और जवाहर सर्किल सहित जयपुर के कई इलाकों में 200 से अधिक वारदातें करना कबूल किया है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
* लेखराज प्रजापत (22), निवासी गोनेर, जयपुर।
* इरसाद मियां (38), निवासी विदिशा, मध्यप्रदेश, हाल निवासी मालपुरा गेट, जयपुर।
विशेष भूमिका: आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने में कांस्टेबल रामावतार और महेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम में बजाज नगर थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
