मोदी पब्लिक स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, बच्चों को दी गई दांतों और आंखों की देखभाल की जानकारी
कोटा। बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रारंभिक अवस्था में दांतों एवं आंखों से जुड़ी समस्याओं की पहचान के उद्देश्य से रोटरी क्लब पमिनी कोटा की ओर से मोदी पब्लिक स्कूल, दादाबाड़ी में निःशुल्क मेडिकल एवं हेल्थ चेकअप शिविर आयोजित किया गया।
अध्यक्ष दीप्ति राजावत एवं सचिव डा प्रीति शर्मा ने बताया कि शिविर में दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता खंडेलवाल एवं डॉ. पूर्वा पूनिया ने बच्चों के दांतों की जांच की। वहीं नेत्र परीक्षण विशेषज्ञ ललित मिश्रा एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों की आंखों की जांच की।
विशेषज्ञों ने बच्चों को दांतों की नियमित सफाई, सही तरीके से ब्रश करने, संतुलित खानपान और आंखों की देखभाल के बारे में उपयोगी जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों एवं शिक्षकों को बच्चों के स्वास्थ्य में होने वाले शुरुआती बदलावों पर ध्यान देने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने का संदेश दिया।
सुबह 8:30 से दोपहर 12:30 बजे तक चले शिविर का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
