जयपुर, 13 नवंबर। जयपुर पुलिस आयुक्तालय में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने अक्टूबर माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह पुलिसकर्मियों को ‘कॉन्स्टेबल ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड से सम्मानित किया। इनमें जिला पश्चिम के सिंधी कैंप थाने के कांस्टेबल सतवीर भी शामिल हैं, जिन्होंने मोबाइल चोरी और स्नैचिंग करने वाली गैंग का पर्दाफाश करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कांस्टेबल सतवीर ने थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग के सरगना मोईन उर्फ शाहरुख सहित मोहम्मद अनस, मोहम्मद गालिब और हसीब मेव को गिरफ्तार करवाने में विशेष भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नैचिंग के 20 मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की।
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने कहा कि जयपुर पुलिस का ध्येय ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय’ की भावना को साकार करना है। पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ेगा और अन्य पुलिसकर्मी भी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर जिला पूर्व से कांस्टेबल मनोज कुमार, जिला उत्तर से कांस्टेबल विजय कुमार, जिला दक्षिण से कांस्टेबल रामअवतार, यातायात उत्तर से कांस्टेबल राजेश कुमार और कार्यालय अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लाइसेंसिंग एवं लीगल से कांस्टेबल दिनेश कुमार को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. अजय सिंह, प्रदीप मोहन शर्मा, डॉ. रामेश्वर सिंह, पुलिस उपायुक्त योगेश गोयल और अनुष्ठा कालिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
