नवीन सरपंच पुष्पा चौधरी, उपसरपंच देवाराम देवासी एवं वार्ड पंचों ने संभाली जिम्मेदारी, ग्रामीणों ने विकास की नई उम्मीदें जताईं
सिन्दरली। धनतेरस के शुभ अवसर पर ग्राम पंचायत सिन्दरली के पंचायत कार्यालय में नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती पुष्पा चौधरी, उपसरपंच देवाराम देवासी एवं समस्त वार्ड पंचों का शपथ ग्रहण समारोह ग्रामवासियों की उपस्थिति में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर पंचायत की नई टीम ने गांव के विकास, जनहित एवं आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण के साथ ही नवनिर्वाचित सरपंच पुष्पा चौधरी ने सकारात्मक पहल करते हुए गांव के सभी देवालयों में रोशनी एवं सजावट की व्यवस्था करवाने की शुरुआत की। धनतेरस के शुभ दिन मंदिरों को रोशनी से जगमग करने की इस पहल को ग्रामीणों ने नई पंचायत की अच्छी शुरुआत बताया। धार्मिक स्थलों से विकास कार्यों की शुरुआत कर सरपंच ने गांव की सांस्कृतिक एवं सामाजिक भावनाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नई पंचायत के कार्यकाल में दोनों गांवों के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रामसभा में जनहित से जुड़े प्रस्तावों को पारदर्शिता के साथ रखा जाए तथा पंचायत कोरम की सहभागिता एवं नियमानुसार बहुमत से निर्णय लेकर विकास कार्यों को गति दी जाए। स्पष्टवादी विचारों के धनी ललित राजपुरोहित ने भी कहा कि पंचायत में सत्यता, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए सामूहिक सहमति से कार्यों को स्वीकृति दी जानी चाहिए, ताकि विवादित कार्यों पर अंकुश लगे और विकास की प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़े।
इस अवसर पर किशन सिंह सोढ़ा ने लंबे समय से अधूरे पड़े खेल मैदान का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाने का आग्रह किया, जिससे युवाओं को खेल सुविधाओं का लाभ मिल सके। वहीं उपसरपंच देवाराम देवासी ने समस्त कोरम की सहभागिता से आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयासों के साथ बेहतर विकास कार्य करवाने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने पूर्व में पंचायत को सौंपे गए लंबित प्रार्थना पत्रों एवं जनसमस्याओं पर भी पुनः ध्यान देने और उन्हें प्राथमिकता से निस्तारित करवाने की अपेक्षा जताई। अब ग्रामीणों को नई पंचायत से उम्मीद है कि योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए सड़क, खेल मैदान, मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य जनहितकारी कार्यों को गति मिलेगी।
समारोह के अंत में सभी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए धनतेरस और दीपावली की मंगलकामनाएं प्रेषित की गईं।
