10 हजार रुपये का इनामी साइबर अपराधी समुन्दर दमामी गिरफ्तार
महिपाल सिंह राठौड़ भी पुलिस गिरफ्त में, अब तक कुल 5 आरोपी गिरफ्तार
जावेद गौरी – जयपुर उत्तर पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे “म्यूल हंटर अभियान” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना जालूपुरा की टीम ने साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों के नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी समुन्दर दमामी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे अजमेर से जबकि दूसरे आरोपी महिपाल सिंह राठौड़ को डीडवाना-कुचामन क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी उत्तराखंड, यूपी और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों के लोगों से किराये पर बैंक खाते लेकर साइबर ठगी की रकम मंगवाते थे। इसके बाद रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर नकद निकासी की जाती थी, ताकि पुलिस को ट्रैक करना मुश्किल हो सके।
डीसीपी जयपुर उत्तर श्री करण शर्मा ने बताया कि बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर “म्यूल हंटर अभियान” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री बजरंग सिंह, एसीपी राजेन्द्र कुमार मीणा और थानाधिकारी हवासिंह मंगवा के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
प्रकरण में पूर्व में भी 3 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
साइबर म्यूल हंटर अभियान में जालूपुरा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Leave a comment
