जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने नकली घी के कारोबार से जुड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए निवारू रोड स्थित लक्ष्मी नगर में एक मकान पर छापा मारा। यहां सरस, लोटस और अमूल जैसी ब्रांडेड कंपनियों के नाम और लोगो वाले रैपर व कार्टन तैयार किए जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, मकान में ब्रांडेड घी की पैकेजिंग सामग्री तैयार कर उसे नकली घी बनाने वालों तक पहुंचाया जाता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रिंटिंग और पैकेजिंग मशीनों सहित भारी मात्रा में सामग्री जब्त की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि खाली रैपर टोंक के निवाई क्षेत्र से मंगवाए जाते थे, जिन पर लक्ष्मी नगर स्थित मकान में नामी कंपनियों के नाम, लोगो और अन्य जानकारी प्रिंट की जाती थी। तैयार पैकेजिंग को जयपुर ग्रामीण सहित आसपास के जिलों में सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।
कार्रवाई एसीपी झोटवाड़ा शिव कुमार भारद्वाज के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है।
झोटवाड़ा में नकली घी के रैपर बनाने वाले कारखाने का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
Leave a comment
