यंगथॉन 3.0 में उमड़ा उत्साह, 4500 से अधिक प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण
कलक्टर पीयूष सामरिया ने किया पोस्टर विमोचन, सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए होगी दौड़
कोटा, 10 अक्टूबर। सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली यंगथॉन 3.0 के प्रति लोगों में खासा उत्साह है। समूचे हाड़ौती संभाग से 4500 से अधिक प्रतिभागी दौड़ के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। जिला कलक्टर पीयूष सामरिया ने यंगथॉन के पोस्टर का विमोचन कर इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए जनभागीदारी से किए जाने वाले ऐसे प्रयास सरकारी विद्यालयों में संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान करने में सहायक होंगे।
यंग इंडियंस कोटा चैप्टर के चेयर अंकित राठी और को-चेयर अंकित गुप्ता ने बताया कि यंग इंडियंस कोटा चैप्टर एवं रियल टेंपल्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में 25 अक्टूबर को यंगथॉन 3.0 आयोजित की जाएगी। इस वर्ष इसकी थीम ‘रन फॉर एजुकेशन’ रखी गई है। दौड़ के माध्यम से चयनित राजकीय विद्यालयों में फर्नीचर, आरओ वाटर प्यूरीफायर, नोटबुक सहित विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।
अतिवीर जैन ने बताया कि पंजीकरण अभियान में सीबीएसई स्कूल एसोसिएशन, सहोदया कॉम्प्लेक्स एसोसिएशन का विशेष सहयोग मिल। एसोसिएशन की ओर से करीब 2000 पंजीकरण करवाए है। एसोसिएशन अध्यक्ष प्रदीप गौड़ ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए इस तरह की पहल में भागीदारी शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है।
यंगथॉन में पांच किलोमीटर की फन रन एवं वॉक तथा 10 किलोमीटर की टाइम्ड रन आयोजित होगी। इसमें 18 से 100 वर्ष तक के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। दौड़ 25 अक्टूबर को सुबह छह बजे नयापुरा स्थित श्री उम्मेद क्लब से शुरू होगी।
