चोरी की Honda City कार, देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस बरामद
जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हथियार तस्कर और चौपहिया वाहन चोरी के आरोपी मोहम्मद शकील को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई होंडा सिटी कार, एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले भी करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता, सहायक पुलिस आयुक्त शिव कुमार भारद्वाज और थाना प्रभारी रायसल सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सहायता व मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया
पुलिस के अनुसार, परिवादी ने अपनी होंडा सिटी कार घर के बाहर खड़ी की थी, जो बाद में चोरी मिली। जांच के दौरान पुलिस ने कार बरामद कर ली। आरोपी के कब्जे से हथियार मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला भी दर्ज किया गया है।
जयपुर-दिल्ली में लूट की बना रहे थे योजना
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ जयपुर, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में चौपहिया वाहन चोरी करता था। आरोपी दिन में वाहनों की रेकी कर रात के समय मास्टर चाबी से लॉक खोलकर वाहन चोरी करते थे। पुलिस के अनुसार, चोरी के दौरान आरोपी अवैध हथियार साथ रखते थे और विरोध होने पर हथियार दिखाकर डराते थे। चोरी किए गए वाहनों को उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद और मैनपुरी में कम कीमत पर बेचने की बात भी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में करीब आधा दर्जन वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। इसके अलावा आरोपी और उसके साथी जयपुर व दिल्ली में ब्लैककिट कैशियर एजेंटों को लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस आरोपी से उसके अन्य साथियों और वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
विशेष भूमिका: कार्रवाई में झोटवाड़ा थाने के हेड कांस्टेबल बलराम, मालीराम और तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार की विशेष भूमिका रही।
