जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने किराये पर ली गई संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सचिन सिंह भाटी और उसके भाई सुमित सिंह उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर उनके द्वारा तैयार किए गए कूटरचित दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि आरोपियों ने उसकी किराये की फैक्ट्री के संबंध में फर्जी खरीद इकरारनामा और भुगतान रसीद तैयार कर संपत्ति पर कब्जा कर लिया तथा फैक्ट्री खाली करने के बदले पैसे की मांग की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सचिन सिंह के खिलाफ पानी का प्लांट लगाने के नाम पर अग्रिम राशि लेकर धोखाधड़ी करने सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं और वह करीब आधा दर्जन मामलों में चालानशुदा है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किराये पर संपत्ति लेकर मालिक का विश्वास हासिल करते थे और बाद में मालिक के हस्ताक्षरों के आधार पर खरीद-बिक्री के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर संपत्ति को विवादित करने का प्रयास करते थे। मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने के संबंध में आगे अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण आईपीएस के निर्देशन, एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता आरपीएस और एसीपी झोटवाड़ा शिव कुमार भारद्वाज के सुपरविजन तथा थानाधिकारी रायसल सिंह के नेतृत्व में की गई।
किराये की संपत्ति के फर्जी दस्तावेज बनाकर कब्जा करने का आरोप, दो भाई गिरफ्तार
Leave a comment
