बाली।पाली
बाली, 3 अगस्त 2026। नगर पालिका बाली परिसर में सोमवार को बाली विधायक एवं पूर्व ऊर्जा राज्य मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी नागरिक पहुंचे और वर्षों से लंबित पट्टों, पेयजल, सड़क, बिजली, सफाई, राजस्व तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक मामले लंबे समय से लंबित पट्टों को लेकर सामने आए। इस पर विधायक राणावत ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की प्राथमिकता से जांच कर पात्र लोगों के पट्टे जारी करने तथा अनावश्यक लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक परिवाद का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कई परिवादों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी महेंद्र सिंह राजपुरोहित, भरत चौधरी, नरेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व जिला अध्यक्ष मंशाराम परमार, भाजपा महामंत्री शक्ति सिंह श्री सैला, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने जनसुनवाई में भाग लेकर अपनी समस्याएं सीधे विधायक के समक्ष रखीं।
