दीपावली मिलन संपन्न, वर्षभर की उपलब्धियों का किया प्रस्तुतिकरण
कोटा। जेसीआई कोटा अचीवर्स की ओर से वर्ष 2026 का अवॉर्ड बैंक्वेट एवं दीपावली मिलन समारोह में वर्षभर संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गवर्निंग बोर्ड ऑफिसर्स एवं सदस्यों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
अध्यक्ष अक्षत बाबरिया जैन ने बताया कि मुख्य अतिथि डिप्टी कमांडेंट पवन जैन ने युवाओं को समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा सकारात्मक बदलाव में भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि एवं जेसीआई कोटा के संस्थापक एम.पी. चतर ने जीवन में सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।
प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जेसी गोर्धन गोचर ने बताया कि समारोह में वर्षभर समर्पण और सक्रियता से कार्य करने वाले सदस्यों के योगदान को सम्मान दिया गया। अध्यक्ष अक्षत बाबरिया जैन ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से संगठन की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।
वर्ष 2026 में संस्था ने सीआईएसएफ के जवानों एवं अधिकारियों के कौशल और व्यक्तित्व विकास के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। ग्रीन आर्मी के सहयोग से लव-कुश वाटिका में लगभग 100 पौधे लगाकर ‘अचीवर्स की वाटिका’ विकसित की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सहयोग से सदस्यों के लिए संसद भवन एवं लोकसभा का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए ऑल फीमेल कैप्टन्स स्पोर्ट्स टूर्नामेंट कराया गया। वहीं HIV संक्रमित बच्चों के पोषण सहयोग के लिए 100 किलो दाल और 100 किलो चावल उपलब्ध कराए गए।
