300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त
जयपुर। पुलिस थाना वैशाली नगर जयपुर पश्चिम ने नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए आधा दर्जन से अधिक मुकदमों में शामिल आरोपी पवन मीणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पूछताछ में आरोपी ने जयपुर पूर्व और जयपुर दक्षिण क्षेत्र में भी कई वारदात करना स्वीकार किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि शहर में चोरी और नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता के निर्देशन, सहायक पुलिस आयुक्त वैशाली नगर अनिल कुमार शर्मा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी पवन मीणा की पहचान कर उसे कोटा से डिटेन किया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में नशे की हालत में बाजारों, दुकानों, शोरूम और आवासीय कॉलोनियों में घूमकर रेकी करता था। इसके बाद रात के समय मौका पाकर मकानों में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
गिरफ्तार आरोपी पवन मीणा (30) निवासी बमोर, थाना टोंक सदर, हाल निवासी कोटा है। पुलिस आरोपी से चोरी किए गए सामान की बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
विशेष भूमिका: आरोपी को डिटेन करने और गिरफ्तार करवाने में हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल दीपचन्द और कांस्टेबल सुरेश कुमार की विशेष भूमिका रही।
कार्रवाई में थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत सहित वैशाली नगर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
