निर्विरोध निर्वाचन के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने सौंपा निर्वाचन प्रमाण पत्र, बिजली-पानी और सड़क विकास को बताया पहली प्राथमिकता
रानीl रानी पंचायत समिति में शुक्रवार को भाजपा के मुन्नालाल आदरा प्रधान निर्वाचित हुए। निर्दलीय प्रत्याशी जवाहरलाल परिहार के दोनों नामांकन पत्र जांच के दौरान खारिज होने के बाद आदरा निर्विरोध निर्वाचित हुए। रिटर्निंग अधिकारी आम्बाराम बोसिया ने नवनिर्वाचित प्रधान को शपथ दिलाकर निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित प्रधान मुन्नालाल आदरा ने कहा कि पद उनके लिए सत्ता नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है। वे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता देते हुए काम करेंगे। गांवों में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति क्षेत्र के अंतिम छोर पर बैठे गरीब व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और बिना भेदभाव सभी क्षेत्रों में समान विकास करवाना उनका लक्ष्य रहेगा। जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
इस दौरान रानी पंचायत समिति चुनाव प्रभारी मनोज नामा, भाजपा रानी शहर मंडल अध्यक्ष हरीश गहलोत, बिजोवा मंडल अध्यक्ष उत्तम सिंह राजपुरोहित, खौड़ मंडल अध्यक्ष नारायण सिंह बालराई, भाजपा के पूर्व उपप्रधान किशोर सिंह पिलोवनी, श्रीपाल वैष्णव, दिनेश जैन सहित कई कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बाली सीओ रतनाराम देवासी के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
