जयपुर, 26 नवंबर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर दक्षिण के पुलिस थाना मुहाना में तैनात फरार कांस्टेबल सुरेश चन्द चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कांस्टेबल नंबर 10777 के खिलाफ रिश्वत मांगने के मामले में एसीबी मुख्यालय में प्रकरण दर्ज था।
मामले के अनुसार, कांस्टेबल सुरेश चन्द चौधरी और कांस्टेबल नोरत मीणा पर परिवादी के खिलाफ दर्ज शिकायत में कार्रवाई नहीं करने और राजीनामा करवाने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत के सत्यापन में दोनों कांस्टेबलों द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगना और 20 हजार रुपये लेने पर सहमति जताना सामने आया था।
इस पर 23 जुलाई 2026 को एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की, जिसमें कांस्टेबल नोरत मीणा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं, ट्रैप कार्रवाई की भनक लगने पर सुरेश चन्द चौधरी अपने कार्यस्थल और निवास से फरार हो गया था। एसीबी उसकी तलाश कर रही थी।
आखिरकार 26 नवंबर को एसीबी के अनुसंधान अधिकारी एवं उप अधीक्षक पुलिस सुरेन्द्र पंचौली ने फरार कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से मामले में पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9413502834 पर संपर्क करने की अपील की है।
