जयपुर। जयपुर के एसएमएस अस्पताल थाना क्षेत्र में सरकारी पुलिस वाहन में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर शराब पार्टी करने और राजकीय उपकरणों से छेड़छाड़ कर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में पांच युवकों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की जांच में सामने आया कि 13 सितंबर 2026 को सवाना बार के बाहर सरकारी पुलिस वाहन में शराब पीकर वीडियो बनाया गया था। बार संचालक से पूछताछ और तस्दीक के बाद वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान भव्य खंडेलवाल, आशुतोष चक्रवर्ती, गोपाल, मृणाल और अमन जैन के रूप में हुई।
इस संबंध में पुलिस थाना एसएमएस अस्पताल में प्रकरण संख्या 179/2026 के तहत बीएनएस, आईटी एक्ट और पीडीपीपी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच थानाधिकारी मोतीडूंगरी मोहनलाल को सौंपी गई है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम गठित
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन के सुपरविजन और सहायक पुलिस आयुक्त गांधी नगर नारायण बाजिया के निर्देशन में थानाधिकारी मोहनलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई है। टीम में सूरजमल, रामकेश, हरिमोहन और मुकेश शामिल हैं। पुलिस द्वारा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
