बेगूँ ( चित्तौडगढ )। बेगूँ तहसीलदार गोपाल जीनगर ने बुधवार को बेगूँ क्षेत्र के चेची सीएचसी का आकस्मिक निरीक्षण किया जिसमें चिकित्सा अधिकारी सहित तीन चिकित्साकर्मी अनुपस्थित मिले। जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किये गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को उपखण्ड अधिकारी बेगूँ अंकित सामरिया कै निर्देश पर तहसीलदार बेगूँ गोपाल जीनगर द्वारा बुधवार को प्रातः 9:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चेची का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अस्पताल की रूटीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के साथ-साथ कार्मिकों की उपस्थिति और संस्थागत व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
बेगूँ तहसीलदार गोपाल जीनगर ने बताया कि इस दौरान अस्पताल के निर्धारित समय के दौरान कुछ कार्मिकों के अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया। जिसमें चिकित्सा अधिकारी श्री हरेन्द्र कुमार जाट, ए.एन.एम. श्रीमती आशा जैन, सहायक रेडियोग्राफर खुशीराम चौधरी अस्पताल के निर्धारित समयानुसार कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाये गये। इस प्रकार बिना पूर्व सूचना या वैध अवकाश के ड्यूटी से गायब रहने को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित अनुपस्थित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त न होने पर नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय की सामान्य कार्यप्रणाली और रूटीन व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, और वार्डों में आमजन को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की सुचारू स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही, अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और अन्य सामान्य व्यवस्थाओं को अधिक बेहतर बनाने के लिए संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिये गये।ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बेगूँ तहसीलदार ने चेची होस्पिटल का किया औचक निरीक्षण डाक्टर सहित तीन चिकित्साकर्मी मिले अनुपस्थित
Leave a comment
