लायंस क्लब के शिविर में 27 मरीजों की सफल सर्जरी, वीडीजी प्रथम सीपी विजयवर्गीय ने की सेवा कार्यों की सराहना
लायंस क्लब कोटा ने किए 27 मरीजों के सफल मोतियाबिंद के ऑपरेशन,अगला शिविर 30 अक्टूबर को
कोटा। लायंस क्लब कोटा डिस्ट्रिक्ट 3233 ई-2 एवं अंधता निवारण समिति की ओर से आयोजित निःशुल्क नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर का समापन शुक्रवार को हुआ। अध्यक्ष रमेश शर्मा ने बताया कि शिविर में 27 जरूरतमंद मरीजों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए गए। इनमें दोनों आंखों से दृष्टिबाधित और मानसिक रूप से दिव्यांग धन्नालाल की एक आंख का जटिल ऑपरेशन विशेष उपलब्धि रहा। वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. राहुल गर्ग ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सर्जरी कर उनकी आंख की रोशनी लौटाने में सफलता प्राप्त की।
डॉ. राहुल गर्ग ने बताया कि धन्नालाल की दोनों आंखों की दृष्टि लगभग समाप्त हो चुकी थी। उनकी मानसिक स्थिति के कारण ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था, लेकिन चिकित्सकीय सावधानी और टीम के सहयोग से सर्जरी सफल रही। उनकी दूसरी आंख का निःशुल्क ऑपरेशन आगामी शिविर में किया जाएगा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एमजेएफ एवं वीडीजी-1 सीपी विजयवर्गीय रहे। उन्होंने लायंस क्लब कोटा की ओर से पीड़ित मानवता की सेवा और नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
शिविर प्रभारी लायन प्रमोद विजय एवं जरूरतमंदों को बेहतर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित रूप से निःशुल्क ऑपरेशन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अगला शिविर 30 अक्टूबर को लगाया जाएगा। नवंबर और दिसंबर में भी शिविर आयोजित होंगे।
क्लब सचिव लक्ष्मीकांत पारीक ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीजों को आवश्यक सावधानियों और चिकित्सकीय निर्देशों की जानकारी दी गई। सभी मरीजों को भोजन, तीन दिन की आवश्यक दवाइयां,चश्मे एवं सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर क्लब अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा, सचिव लक्ष्मीकांत पारीक, सुनील आनंद, अनिल माहेश्वरी, जुगल किशोर सोनी, राजकुमार लड्डा, सोनल नंदवाना, शशि भंडारी, कल्पना शर्मा, जेपी गुप्ता और वीरेंद्र विजय सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सचिव पारीक ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
